प्रदेश के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री जयसिंह अग्रवाल खैरागढ़ के उप चुनाव में कांग्रेस प्रत्यशी के पक्ष में लगातार विभिन्न स्थानों पर सघन जनसंपर्क अभियान में दल-बल के साथ जुटे हुए हैं। निर्धारित कार्यक्रमों के अनुसार दोपहर में खैरागढ़ प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में मीडिया से रूबरू हुए। प्रेस कांफ्रेंस में मीडिया के सवालों का राजस्व मंत्री ने विस्तार से जवाब दिया और आम नागरिकों के हित में प्रदेश सरकार द्वारा संचालित की जा रही विभिन्न लाभकारी योजनाओं पर प्रकाश डाला। जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार जो कहती है वही कर रही है और सरकार की कथनी एवं करनी की एकरूपता का ही परिणाम है कि आज प्रदेश की जनता खुशहाली की राह पर अग्रसर है। शासन की विभिन्न योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ समाज के सीमांत व्यक्ति तक पहुंचाने का सतत प्रयास किया जा रहा है और इसमें सरकार सफल हो रही है। छोटे-छोटे लघु उद्योगों के जरिए एवं स्व-सहायता समूहों के माध्यम से राज्य में व्यापक पैमाने पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए हैं। अभी हाल ही में शासकीय सेवकों की भावनाओं का सम्मान करते हुए सरकार ने पुरानी पेंशन योजना की बहाली की है जिससे राज्य के ऊपर अतिरिक्त वित्तीय भार तो आया है लेकिन सेवानिवृत्त सरकारी कर्मचारियों के परिवारों को बड़े पैमाने पर इसका लाभ मिलेगा।
किसानों की दशा सुधारने की दिशा में सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों में राजस्व मंत्री ने कहा कि पूरे देश में धान खरीदी का समर्थन मूल्य सबसे अधिक छत्तीसगढ़ राज्य में है और कृषि कार्य के लिए पुराने कर्ज की माफी और बिजली बिल की आधी दरों से सरकार ने किसानों को बहुत राहत पहुंचाई है। जयसिंह अग्रवाल ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेश सरकार की नीतियों का भरपूर लाभ किसानों और आम नागरिकों को मिल रहा है जिसके कि वास्तव में वे हकदार हैं। व्यवस्थाओं में सुधार और अधिक से अधिक रोजगार मुहैया कराने की दिशा में सरकार प्रयत्नशील है। ऐसे अनेक बिन्दु रहे हैं जिन पर पिछली सरकार ने ध्यान नहीं दिया था लेकिन कांग्रेस की वर्तमान सरकार द्वारा ग्रामीणों और किसानों के जीवनस्तर को बेहतर बनाने की दिशा में अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं जिनका लाभ हितग्राहियों को मिल रहा है। राजस्व मंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि क्षेत्र की जनता सरकार की नीतियों को भलीभांति समझ रही है और यही वजह है कि कांग्रेस के प्रत्यशी को यहां के मतदाता प्रचंड बहुमत से विजयी बनाएंगे।
प्रेस कांफ्रेंस को सम्बोधित करने के बाद राजस्व मंत्री ने माता दंतेश्वरी मंदिर में जाकर अष्टमी की पूजा अर्चना कर क्षेत्रवासियों और प्रदेश की जनता के लिए खुशहाली का आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर में माता दर्शन के बाद डाॅ. किरण झा के नेतृत्व में आयोजित महिला समिति की बैठक में सदस्यों को सम्बोधित किया और चुनाव प्रचार अभियान में घर-घर पहुंच कर कांग्रेस प्रत्यशी के पक्ष में व्यापक प्रचार पर जोर दिया। महिला समूह ने राजसव मंत्री को आश्वस्त किया कि उनके मार्गदर्शन में कांग्रेस प्रत्याशी को भरपूर समर्थन मिलेगा। महिला समूह की बैठक पश्चात राजस्व मंत्री ने स्थानीय व्यापारी संघ के सदस्यों के साथ आयोजित बैठक में हिस्सा लिया। व्यापारी संघ ने जयसिंह अग्रवाल को आश्वस्त किया कि संघ का भरपूर समर्थन कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में है और अधिक से अधिक मतों से विजयश्री हासिल होगी। राजस्व मंत्री के साथ डोर-टू-डोर संपर्क अभियान में कोरबा नगर पालिक निगम के सभापति श्यामसुन्दर सोनी] कोरबा इण्टक के जिला अध्यक्ष विकास सिंह] कोरबा जिला साहू समाज के अध्यक्ष गजानंद साहू] राकेश पंकज] विजय यादव] सहित स्थानीय स्तर पर अनेक गणमान्य और जन प्रतिनिधि साथ में उपस्थित रहे।